-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में अपहरण का हुआ खुलासा, 12 घंटे में विशाल सकुशल हुई बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर बखिरा पुलिस ने अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए 12 घंटे के भीतर अपहृत विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर बखिरा पुलिस ने अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए 12 घंटे के भीतर अपहृत विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त बताई जा रही अर्टिगा कार, 42,620 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और विशाल कुमार से संबंधित 15 दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया था। तलाश और जांच के दौरान पुलिस ने खलीलाबाद-बस्ती मार्ग पर कांटे के पास एक अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। कार से विशाल कुमार के फोटो और हस्ताक्षर वाले दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों में शपथ पत्र, आवेदन पत्र और आधार कार्ड समेत कुल 15 दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और 42,620 रुपये नकद भी मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वकेतु, अशोक, धर्मेंद्र और जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल कुमार को सांसद के यहां ले जाने और बाद में अयोध्या ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने यह भी बताया कि पूछताछ के दौरान विशाल की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कथित योजना का जिक्र सामने आया है। हालांकि पुलिस इस बिंदु समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में पुलिस ने धारा 140(1) बीएनएस और 3(2)(V) एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण के उद्देश्य और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। विशाल की 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
