Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 578 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 03/11/2026 11:54:28 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 03/11/2026 11:54:28 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के दौरान आंकड़ों का संकलन व्यवस्थित और सटीक तरीके से कराने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के दौरान आंकड़ों का संकलन व्यवस्थित और सटीक तरीके से कराने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में खलीलाबाद स्थित प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। दूसरे बैच के दूसरे दिन 578 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। मंगलवार को उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी ने प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की कार्यकुशलता, सटीक जानकारी और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। कर्मचारियों को क्षेत्र में जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आंकड़े जुटाने होंगे। इसलिए प्रशिक्षण को गंभीरता से लेना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि किसी भी विषय पर शंका होने पर प्रशिक्षकों से जानकारी लेकर उसे दूर कर लें, ताकि फील्ड में काम करते समय किसी तरह की परेशानी न आए।

 डिजिटल माध्यम से जुटाए जाएंगे आंकड़े  एसडीएम हृदय राम तिवारी ने बताया कि जनगणना 2027 में आंकड़ों के संग्रह के लिए डिजिटल उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। ऐसे में सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को तकनीकी प्रक्रिया तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक परिवार और उसके सदस्यों से संबंधित जानकारी दर्ज करते समय सावधानी बरतनी होगी, ताकि किसी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश न रहे।  40 प्रश्नों के माध्यम से समझाई गई प्रक्रिया  प्रशिक्षक सुनील कुमार और राकेश कुमार मिश्र ने जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार के सदस्यों का विवरण जुटाने और उसे निर्धारित प्रारूप में दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसमें परिवार के सदस्यों का विवरण, माता-पिता से संबंधित जानकारी, दिव्यांगता, मातृभाषा एवं अन्य भाषाएं, साक्षरता, शैक्षिक योग्यता और शिक्षण संस्थानों में अध्ययन जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, उद्योग-व्यापार, गैर-आर्थिक गतिविधियों, रोजगार की तलाश और कार्यस्थल तक आने-जाने के साधनों से संबंधित जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रश्नों का उद्देश्य समझाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि क्षेत्र में सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक प्रश्न को ध्यानपूर्वक समझना और उसका सही विवरण दर्ज करना आवश्यक होगा। तहसील प्रशासन की निगरानी में चल रही तैयारियां जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसील प्रशासन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। तहसीलदार खलीलाबाद अनुराग यादव और राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) संजय मिश्रा सहित संबंधित राजस्व अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण व्यवस्था से जुड़े हैं। कानूनगो संजय मिश्रा ने बताया कि दूसरे बैच में कुल 578 प्रगणक और पर्यवेक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के लिए 24 प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है।

 प्रशिक्षणार्थियों के भोजन और पेयजल की भी व्यवस्था  प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। प्रशिक्षणार्थियों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही खाने-पीने और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रबंध किया गया है, ताकि कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे पूरे ध्यान के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ये लोग रहे शामिल प्रशिक्षण कार्यक्रम में जफीर अली, मुबारक हुसैन, अब्दुर्रहमान, असरारूलक, मोहम्मद आरिफ, रामकेश, विकास कुमार आनंद, राकेश यादव, राम कुमार, हरिकेश, महिपाल, असरारुल हक, जुबेर अहमद, अरुण कुमार और धर्मराज सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


Featured News