-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: अयोध्या से चोरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बस्ती में बरामद, हनुमानगढ़ी पार्किंग से चोरी कर छिपाने की थी कोशिश
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती में अयोध्या के हनुमानगढ़ी की पार्किंग से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुबौलिया पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती में अयोध्या के हनुमानगढ़ी की पार्किंग से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुबौलिया पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए ट्रैक्टर को अयोध्या से बस्ती लाकर छिपाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रैक्टर के साथ 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। ट्रॉली को भी आरोपी की निशानदेही पर पंचायत भवन के पास से बरामद किया गया। थानाध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अयोध्या से चोरी किया गया ट्रैक्टर लेकर एक संदिग्ध व्यक्ति रमवापुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रमवापुर बाजार में पंकज सिंह के भट्ठे के पास से जोगीयाबीर गांव जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 11:25 बजे संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में चोरी की बात कबूलने का दावा गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगरू उर्फ मनीष यादव पुत्र शिव कुमार उर्फ सेतु यादव, निवासी पिठिया लश्करी, थाना दुबौलिया, बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र 22 वर्ष है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अयोध्या में कबाड़ उठाने का काम करता है। इसी दौरान वह सुनसान स्थानों पर मौजूद कीमती सामान पर नजर रखता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हनुमानगढ़ी की पार्किंग में ट्रैक्टर खड़ा देखा और आसपास किसी को न पाकर उसे स्टार्ट कर वहां से ले गया। इसके बाद वह ट्रैक्टर को बस्ती लाकर छिपाने की कोशिश कर रहा था। निशानदेही पर पंचायत भवन के पास मिली ट्रॉली पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि चोरी की ट्रॉली को नियामतपुर पंचायत भवन के पास छिपाकर रखा गया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रॉली को बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामदगी में लाल रंग का महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और 1200 रुपये नकद शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस ने मोबाइल में मौजूद ई-चालान ऐप के माध्यम से ट्रैक्टर से संबंधित जानकारी भी जांची। अयोध्या में दर्ज था चोरी का मुकदमा पुलिस के मुताबिक ट्रांसपोर्ट नगर, गद्दोपुर, अयोध्या निवासी देवांश कुमार जायसवाल ने 30 अगस्त को हनुमानगढ़ी की पार्किंग से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की सूचना थाना श्रीरामजन्मभूमि, अयोध्या में दी थी। इस मामले में मु0अ0सं0 117/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। वादी की ओर से बस्ती के विभिन्न थानों को भी चोरी की सूचना दी गई थी। इसके बाद दुबौलिया पुलिस चोरी हुए वाहन की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली। आरोपी पर पहले से चार मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दुबौलिया थाने में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामला, अयोध्या में ट्रैक्टर चोरी का मुकदमा तथा गोंडा के कोतवाली नगर थाने में बीएनएस और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। दुबौलिया थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 163/2026 के तहत धारा 317(2) बीएनएस में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार पांडेय तथा हेड कांस्टेबल चन्द्रकेश यादव, संदीप सिंह, हरिकेश चौहान और सचिन मिश्रा शामिल रहे।
