-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: भांडेर में ओवरलोड ट्रक को लेकर पुलिस और गल्ला व्यापारियों में हुआ विवाद, बातचीत के बाद निकला समाधान
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भांडेर दतिया जिले के भांडेर में धान से भरे ओवरलोड ट्रक पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी और गल्ला व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भांडेर दतिया जिले के भांडेर में धान से भरे ओवरलोड ट्रक पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी और गल्ला व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामला उस समय बढ़ गया जब थाना प्रभारी निरीक्षक सपना शर्मा ने दतिया रोड से धान से भरे एक ओवरलोड ट्रक को कार्रवाई के लिए थाने में खड़ा करवा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज कुछ व्यापारी थाने पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।इसके बाद अन्य गल्ला व्यापारी भी लामबंद हो गए। व्यापारियों ने पुलिस की बार-बार होने वाली कार्रवाई को अनुचित बताते हुए त्योहारी सीजन में हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। हालांकि, बाद में थाना प्रभारी सपना शर्मा स्वयं व्यापारियों के बीच पहुंचीं और दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकाल लिया। बैठक में तय किया गया कि दीपावली के मद्देनजर मुख्य बाजार मार्ग पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंडी से माल से लदे ट्रकों का संचालन नहीं होगा। इस व्यवस्था में मंडी से राजमाता चौराहा, तहसील के सामने और पटेल चौराहे तक का मार्ग शामिल रहेगा।दरअसल, इन दिनों भांडेर मंडी में धान की बंपर आवक हो रही है। किसान सीधे खेतों से धान लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। धान में नमी होने के कारण उसे लंबे समय तक रोकना व्यापारियों के लिए मुश्किल है। अधिक समय तक रखने पर धान के खराब होने और उसमें फफूंद लगने का खतरा रहता है। इससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, मंडी में पहले से ही जगह की कमी है। ऐसे में खरीदी गई धान का समय पर परिवहन करना व्यापारियों की मजबूरी है। इसी कारण ट्रकों में अधिक माल लोड किया जा रहा है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार में ओवरलोड वाहनों के संचालन से दुर्घटना और जनहानि का खतरा बना रहता है। ऐसे में वाहनों पर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। गल्ला व्यापारी संघ के अध्यक्ष रामकुमार अग्रवाल ने बताया कि धान की बंपर आवक और किसानों की उपज खरीदने की जिम्मेदारी के चलते समय पर माल का परिवहन जरूरी है। हालांकि, थाना प्रभारी से सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत के बाद विवाद का समाधान हो गया है। वहीं, पूर्व गल्ला व्यापारी संघ अध्यक्ष उदय टिंकू राजपूत ने कहा कि यदि ओवरलोड ट्रकों पर लगातार चालान की कार्रवाई होती रही तो ट्रांसपोर्टर अपने वाहन उपलब्ध कराना बंद कर सकते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित होगा। थाना प्रभारी निरीक्षक सपना शर्मा ने कहा कि ओवरलोड वाहनों से किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि न हो, यह पुलिस की जिम्मेदारी है। व्यापारियों से बातचीत के बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंडी से ओवरलोड वाहनों का संचालन रोकने पर सहमति बन गई है। फिलहाल, पुलिस और व्यापारियों के बीच बातचीत के बाद विवाद समाप्त हो गया है और दीपावली के दौरान बाजार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई समय-सीमा तय की गई है।
