-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में 265 उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर, सरकार ने सब्सिडी वितरण किया शुरू
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर दीपावली और होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना के तहत प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सब्सिडी वितरण की शुरुआत कर दी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर दीपावली और होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना के तहत प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सब्सिडी वितरण की शुरुआत कर दी है। 3 नवंबर को मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से 1500 करोड़ रुपये की धनराशि के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थियों को सब्सिडी हस्तांतरण का शुभारंभ किया। इसी क्रम में गाजीपुर के राइफल क्लब में 265 उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए गैस सिलेंडर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल शामिल हुईं। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। योजना के तहत लाभार्थियों को पहले गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत का भुगतान करना होगा। इसके बाद 4 से 5 दिनों के भीतर सब्सिडी की राशि आधार से प्रमाणित बैंक खाते में भेज दी जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 366 रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 648 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इस तरह गाजीपुर में एक भरे सिलेंडर की कीमत लगभग 1014 रुपये बताई गई है। दोनों सरकारों की सब्सिडी लाभार्थियों के खाते में अलग-अलग भेजी जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार, गाजीपुर में कुल 66 घरेलू गैस एजेंसियां संचालित हैं। जिले में उज्ज्वला योजना के 3,21,168 सक्रिय लाभार्थी हैं। इनमें से 2,97,967 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक हैं, जबकि 2,81,121 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है। प्रशासन ने शेष लाभार्थियों से जल्द से जल्द आधार प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए गैस एजेंसियों की ओर से मोबाइल पर संदेश भेजे जा रहे हैं और फोन के माध्यम से भी लाभार्थियों को सूचना दी जा रही है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह सहित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विभागीय कर्मचारी और गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।
