-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर हुई बैठक, 14 नवंबर तक पूरा होगा प्रशिक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण के साथ-साथ स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रशिक्षण निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरे किए जाएं। बैठक में बताया गया कि प्रशिक्षण का कार्य चल रहा है, जिसे 14 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्व-गणना को लेकर विशेष जोर देते हुए सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने स्तर पर प्रचार अभियान चलाने और लोगों को इस सुविधा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय बनाकर अधिक से अधिक परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं, ताकि लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा नागरिकों से किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। साथ ही जनगणना प्रक्रिया का नागरिकता से कोई संबंध नहीं है। बैठक के दौरान जनगणना प्रक्रिया को लेकर कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें जिला जनगणना प्रभारी आकाश राय ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान सहित विभिन्न उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
