-
☰
No image found.
दिल्ली: छात्रों के समर्थन में मैदान में उतरी शिवसेना, केंद्र सरकार और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जताया विरोध
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
दिल्ली: जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में शिवसेना की विद्यार्थी सेना इकाई के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
विस्तार
दिल्ली: जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में शिवसेना की विद्यार्थी सेना इकाई के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। युवा शिव सैनिकों ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए दिल्ली पुलिस हाय-हाय, केंद्र सरकार हाय-हाय और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारे लगाए। शिवसैनिकों ने जय भवानी, जय शिवाजी के नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया और कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वीरेंद्र अरोड़ा के निर्देश पर एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्र-छात्राओं के मुद्दों पर ध्यान देने और आंदोलनकारियों के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की गई। शिवसेना जिला प्रमुख ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना और विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ता जल्द ही दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थी सेना के पदाधिकारी शिवसेना के सांसदों से मुलाकात कर छात्रों से जुड़े विषयों को संसद और संबंधित मंचों पर उठाने का प्रयास करेंगे। शिवसेना नेताओं ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और सरकार को संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। प्रदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शिवसैनिक शामिल हुए। इस दौरान आकाश सिंह, मयंक सैनी, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, अंकित, तेजपाल सैनी, कैलाश, पंकज पाल, सुरेश सैनी, राहुल और बादाम सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में भी छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
