-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: सात पुलिसकर्मी निलंबित, अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही पर SSP की सख्त कार्रवाई
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य पालन में लापरवाही के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य पालन में लापरवाही के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सभी निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना क्योलड़िया में तैनात रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन सात दिन के स्वीकृत आकस्मिक अवकाश के बाद निर्धारित समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे। तीन जुलाई से वह बिना अनुमति लगातार अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह थाना मीरगंज में तैनात रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार भी पांच दिन के अवकाश के बाद 14 जुलाई को ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। वहीं यूपी-112 परियोजना में तैनात आरक्षी सगुन कुमार तीन दिन की स्वीकृत छुट्टी के बाद 20 जून से लगातार गैरहाजिर मिले। थाना इज्जतनगर में तैनात आरक्षी विवेक धामा भी अवकाश समाप्त होने के बाद एक जुलाई को ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे। कार्रवाई की सूची में रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी अजय कुमार भी शामिल हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना पॉडकास्ट और इंटरव्यू रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए। पुलिस के मुताबिक यह कृत्य उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन है। इसके अलावा आरक्षी सौरभ कुमार 13 जुलाई को निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए और लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कुक विक्की कश्यप को भी ड्यूटी के लिए बुलाए जाने के बाद आने से इनकार करने और बिना अनुमति गैरहाजिर रहने के मामले में निलंबित किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी सातों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
