-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर में किशोर से मारपीट का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर विंध्याचल थाना क्षेत्र के लेहड़िया गांव निवासी 17 वर्षीय सुभाष पाल पुत्र उमाशंकर पाल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गांव के तीन लोगों पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर विंध्याचल थाना क्षेत्र के लेहड़िया गांव निवासी 17 वर्षीय सुभाष पाल पुत्र उमाशंकर पाल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गांव के तीन लोगों पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे वह अपने घर की दुकान की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के सुनील पाल पुत्र सीताराम, अवधेश पाल पुत्र सीताराम तथा नेबुला देवी पत्नी सीताराम पाल ने उसे अपने दरवाजे के पास रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसे पास के खेत में खींच ले गए और लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। सुभाष पाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में विपक्षी पक्ष से पुरानी रंजिश होने का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि पूर्व में उसके छोटे भाई की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। इसी रंजिश के चलते उसे भी जान का खतरा होने की आशंका जताई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
