Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली में रक्षाबंधन समारोह में भगदड़, महिला की हुई मौत; कई लोग घायल

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Raju(UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 29/08/2026 04:18:16 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Raju(UP) ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 29/08/2026 04:18:16 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली में महापौर डॉ. उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम फाउंडेशन की ओर से बरेली क्लब मेला मैदान में आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन समारोह में शनिवार को भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच बड़ा हादसा हो गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली में महापौर डॉ. उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम फाउंडेशन की ओर से बरेली क्लब मेला मैदान में आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन समारोह में शनिवार को भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच बड़ा हादसा हो गया। समारोह में शामिल होने पहुंची चंद्रगुप्तपुरम निवासी 45 वर्षीय मधु सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, समारोह में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मधु सिंह के भांजे एवं भाजपा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजा तोमर के मुताबिक, वह सुबह करीब 10 बजे अपनी मामी को कार्यक्रम स्थल पर छोड़कर स्कूल ऑटो चलाने चले गए थे। मधु के साथ मोहल्ले की कई अन्य महिलाएं भी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। राजा के अनुसार, महापौर की ओर से उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 15 पास मिले थे और उन्हीं में से एक पास पर मधु समारोह में गई थीं।

धक्का-मुक्की के दौरान बिगड़ी तबीयत

राजा तोमर ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि समारोह के दौरान साड़ी वितरण के बीच भीड़ बढ़ने और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने से मधु की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें चौकी चौराहा स्थित मिशन अस्पताल ले जाया गया था। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें मधु की स्थिति के बारे में तत्काल और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिवार का कहना है कि काफी देर तक उन्हें यह पता नहीं चल सका कि मधु की हालत कैसी है। परिजन लता देवी ने आरोप लगाया कि परिवार के लोग अस्पताल स्टाफ से मधु के बारे में जानकारी मांगते रहे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

समय पर सूचना मिलती तो दूसरे अस्पताल ले जाते

राजा तोमर का कहना है कि मधु के पति भगवान सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनका आरोप है कि यदि परिवार को मधु की गंभीर हालत की सूचना समय रहते मिल जाती तो उन्हें नजदीकी मिलिट्री अस्पताल ले जाने का प्रयास किया जा सकता था। परिजनों का कहना है कि सूचना में हुई देरी के कारण उन्हें समय रहते उपचार का दूसरा विकल्प चुनने का अवसर नहीं मिल सका।

साड़ी वितरण के दौरान बढ़ा भीड़ का दबाव

समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साड़ी वितरण शुरू होने के दौरान भीड़ का दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोगों के मुताबिक, भीड़ इतनी अधिक थी कि कई लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। एक महिला ने दावा किया कि भीड़ में करीब दो साल का बच्चा भी गिरकर दब गया था। कई अन्य लोगों के चोटिल होने की भी बात सामने आई, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। घटना के दौरान कुछ लोगों के जूते-चप्पल और पर्स भी भीड़ में छूट गए। समारोह स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्यक्रम की जानकारी से किया इनकार

सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा ने कहा कि बरेली क्लब मैदान में आयोजित कार्यक्रम की सूचना उनके पास नहीं थी। उन्होंने बताया कि यदि कार्यक्रम स्मार्ट सिटी अथवा राइफल क्लब से संबंधित था तो उसकी अनुमति नगर निगम स्तर से दी जाती है। मधु सिंह की मौत के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार गुलाबनगर स्थित श्मशान भूमि में किया जाएगा। परिवार की ओर से पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात भी सामने आई है। घटना ने सामूहिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, चिकित्सा सहायता और आपात स्थिति में परिजनों को तत्काल सूचना देने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।