-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: मौत को दावत दे रही सड़क की धंसी पट्टी, कई दुर्घटनाओं के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
मध्य प्रदेश: राणापुर में कुंदनपुर के झाबुआ पिटोल मार्ग पर सड़क किनारे धंसी साइड पट्टी अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: राणापुर में कुंदनपुर के झाबुआ पिटोल मार्ग पर सड़क किनारे धंसी साइड पट्टी अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सड़क के किनारे बना गहरा खड्डा लगातार हादसों का कारण बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई दोपहिया वाहन चालक गिर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन ने अब तक न तो खड्डे की मरम्मत कराई है और न ही सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग लगाई गई है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। राणापुर निवासी एवं कुंदनपुर मां शक्ति बस के चालक तथा गाड़ी चालक-परिचालक तहसील अध्यक्ष महेश ने बताया कि वे प्रतिदिन राणापुर, कुंदनपुर, झाबुआ और पिटोल मार्ग पर बस का संचालन करते हैं। सड़क किनारे धंसी पट्टी के कारण बस निकालना बेहद जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि सामने से कोई बड़ा वाहन आ जाए तो बस को साइड देने में भारी परेशानी होती है। थोड़ी-सी चूक होने पर बस गहरे खड्डे की ओर झुक सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क किनारे बने खड्डे को तत्काल भरवाया जाए या स्थायी समाधान के लिए नाला बनाया जाए। स्थानीय निवासी बबलू मेड़ा ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने अपनी आंखों के सामने कई लोगों को गिरते देखा है। बुधवार को भी एक बाइक सवार इसी स्थान पर दुर्घटना का शिकार हो गया। उनका कहना है कि अब तक कम से कम तीन घटनाएं वे स्वयं देख चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या से कई बार संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। यह मार्ग मध्यप्रदेश और गुजरात को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर दिनभर बसों, ट्रकों, निजी वाहनों और दोपहिया वाहनों का भारी आवागमन रहता है। ऐसे में यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की धंसी साइड पट्टी की तत्काल मरम्मत कराई जाए, आवश्यकतानुसार नाला निर्माण कराया जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
कांतिलाल मेड़ा ने बताया कि उनके मकान के सामने से यह सड़क गुजरती है। पिछले दो से तीन वर्षों से सड़क की साइड लगातार धंसती जा रही है और अब वहां बड़ा खड्डा बन चुका है। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने आए थे, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ। इस दौरान कई बाइक चालक गिर चुके हैं, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। उप ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोवर्धन भूरिया ने बताया कि उन्होंने कई बार सड़क की धंसी पट्टी के कारण हादसे होते देखे हैं। बुधवार को भी एक मोटरसाइकिल चालक गिर गया।
उत्तर प्रदेश: साइबर ठगी के 5 पीड़ितों को मिली बड़ी राहत, पुलिस ने वापस कराए ₹3.09 लाख से अधिक
