-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: गंगा दशहरा पर चंबल में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर पोरसा क्षेत्र स्थित चम्बल नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह सूर्योदय के साथ ही हजारों श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चम्बल नदी में पुण्य की डुबकी लगाई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर पोरसा क्षेत्र स्थित चम्बल नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह सूर्योदय के साथ ही हजारों श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चम्बल नदी में पुण्य की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं का मानना है कि गंगा दशहरा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से दस प्रकार के पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने स्नान के बाद दान-पुण्य कर भगवान की आराधना की। कई श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की स्मृति में तर्पण एवं विशेष पूजा-अर्चना भी संपन्न कराई। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा और "हर-हर गंगे" तथा भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महुआ थाना प्रभारी उपेंद्र पाराशर अपनी पुलिस टीम के साथ पूरे समय घाटों पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे। पुलिस बल द्वारा घाटों पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। थाना प्रभारी उपेंद्र पाराशर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रही। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा लोगों से गहरे पानी में न जाने और सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस जवानों ने लगातार घाटों का भ्रमण कर व्यवस्था बनाए रखी। गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों के आसपास अस्थायी दुकानों पर भी अच्छी खासी रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, फल-फूल एवं प्रसाद की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। स्थानीय व्यापारियों ने भी पर्व के दौरान बेहतर कारोबार होने पर संतोष व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों की सराहना करते हुए कहा कि व्यवस्थाएं बेहतर रहने से उन्हें स्नान और पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गंगा दशहरा का पर्व क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
उत्तर प्रदेश: पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र और न्यायालयी कार्यों में देरी से आम नागरिक परेशान
उत्तर प्रदेश: नेहा नर्सिंग होम का ऑपरेशन थियेटर सील, एक्सपायरी इंजेक्शन मिलने से मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश: थड़ोद में अधूरा नाला बना ग्रामीणों की परेशानी का कारण, 20 दिन से निर्माण कार्य बंद
