-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 317 जोड़े बने जीवनसाथी
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महुवरिया में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महुवरिया में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मेगा आयोजन में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से आए कुल 317 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सामूहिक विवाह समारोह में विकास खंड सिटी, मझवां, कोन, पहाड़ी, छानबे, नगर पालिका मीरजापुर तथा नगर पंचायत कछवा क्षेत्र के जोड़ों ने भाग लिया। विवाह करने वाले जोड़ों में अनुसूचित जाति के 216, अन्य पिछड़ा वर्ग के 97, सामान्य वर्ग के 2 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 2 जोड़े शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विधायक छानबे रिंकी कोल, जिलाध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर रामलौटन बिंद, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले बेटियों के विवाह को लेकर गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव रहता था, लेकिन अब सरकार इस जिम्मेदारी को साझा कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी को हर क्षेत्र में बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत प्रति जोड़े 1 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। इसमें से 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये की गृहस्थी सामग्री जैसे कपड़े, चांदी की पायल, बिछिया, स्टील डिनर सेट एवं अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाता है। वहीं विवाह आयोजन, भोजन, पंडाल, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये प्रति विवाह व्यय किए जाते हैं। समारोह में प्रदेश सचिव सहकारिता मंच राजेंद्र पटेल, रामवृक्ष बिंद, शंकर सिंह चौहान, संतोष विश्वकर्मा, कुलदीप पटेल, विमलेश भारती, नमिता केसरवानी, राजेश मौर्य, विकास मौर्य, आरिफ अली मंसूरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और नवदंपतियों के परिजन मौजूद रहे। भव्य आयोजन ने सामाजिक समरसता और सामूहिक विवाह की परंपरा को मजबूत करने का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश: 250 बच्चों का हुआ निःशुल्क दंत परीक्षण, जागरूकता शिविर हुआ आयोजित
उत्तर प्रदेश: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 585 शिकायतें प्राप्त, 65 मामलों का मौके पर निस्तारण
उत्तर प्रदेश: लखपति दीदियों संग डीएम का संवाद, बैंकिंग समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश: जमीन विवाद में विधवा महिला से मारपीट का आरोप, कार्रवाई न होने पर एसपी से लगाई गुहार
