-
☰
No image found.
हरियाणा: CIA नरवाना टीम की कार्रवाई, जींद में 2400 नशीली लोराज़ेपम गोलियों के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: जींद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जींद पुलिस की सीआईए स्टाफ नरवाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
हरियाणा: जींद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जींद पुलिस की सीआईए स्टाफ नरवाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2400 नशीली Lorazepam Tablets IP 2MG बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को पुराना गोहाना रोड बाईपास पुल के पास से मोटरसाइकिल समेत पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन और सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में की गई। सीआईए टीम नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जानकारी के मुताबिक सीआईए नरवाना की टीम एएसआई शमशेर सिंह के नेतृत्व में बस अड्डा जींद के आसपास गश्त और अपराध की पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव भाटला निवासी विक्रम उर्फ विक्की कथित रूप से नशीली गोलियों की बिक्री करता है और बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर पुराना गोहाना रोड बाईपास पुल के नजदीक मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी और बताए गए स्थान पर कार्रवाई के लिए पहुंची। पुलिस ने बाईपास पुल के पास कथित तौर पर आरोपी को मोटरसाइकिल समेत काबू कर लिया। तलाशी में मिली 2400 गोलियां पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाशी राजपत्रित अधिकारी एवं नायब तहसीलदार जींद की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 2400 Lorazepam Tablets IP 2MG बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद गोलियों और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ विक्की निवासी गांव भाटला के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीली गोलियों के संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन जींद में मुकदमा नंबर 172, दिनांक 29 अगस्त 2026, धारा 22/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां कहां से आईं और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
