-
☰
No image found.
राजस्थान: नागौर में साइकिल रैली के साथ नशामुक्त भारत अभियान का हुआ समापन
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, नागौर द्वारा भारत सरकार के "नशामुक्त भारत अभियान" के तहत शुक्रवार 17 जून तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विस्तार
राजस्थान: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, नागौर द्वारा भारत सरकार के "नशामुक्त भारत अभियान" के तहत शुक्रवार 17 जून तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। शुक्रवार को अभियान के समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट परिसर से विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से गांधी चौक, अजमेरी गेट होते हुए स्टेडियम तक निकाली गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा, स्वयंसेवी संगठन एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जन-जन तक नशामुक्त भारत का संदेश पहुंचाया। इस दौरान जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नारा लेखन, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, चित्रकला, शपथ ग्रहण, जनसंवाद, रैलियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा अभियान से जुड़े युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान की टी-शर्ट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, समाज तथा आने वाली पीढ़ी को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेंगे।
साइकिल रैली में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह, नागौर उपखंड अधिकारी गोविंद भींचर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग नरेश बारोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक-विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
