-
☰
No image found.
राजस्थान: पश्चिम बंगाल के विधायक डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने किया श्री परशुराम ज्ञानपीठ का अवलोकन
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: पश्चिम बंगाल के जगदल विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित विधायक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने रविवार को श्री परशुराम ज्ञानपीठ का दौरा किया।
विस्तार
राजस्थान: पश्चिम बंगाल के जगदल विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित विधायक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने रविवार को श्री परशुराम ज्ञानपीठ का दौरा किया। उन्होंने ज्ञानपीठ भवन का निरीक्षण कर संस्थान की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों तथा अध्ययनरत बालिकाओं के लिए किए जा रहे शैक्षणिक एवं संस्कारमय प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. सुरोलिया ने कहा कि इस संस्थान के बीजारोपण में मैं भी सहभागी रहा हूं और आज अपने सामने उस सपने को साकार होते देखना मेरे लिए अत्यंत सुखद और गौरव का विषय है। उन्होंने ज्ञानपीठ की बालिकाओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किसी पद या प्रशासनिक सेवा को प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान और सामर्थ्य को समाज एवं राष्ट्र की सेवा से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यापारी, उद्यमी, शिक्षक, चिकित्सक, किसान, खिलाड़ी और समाज के प्रत्येक कर्मशील वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और उससे अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास तथा टीम भावना विकसित करने की बात कही। डॉ. सुरोलिया ने कहा कि सफल व्यक्ति लक्ष्य प्राप्त होने तक रुकता नहीं, लेकिन लक्ष्य अपनी प्रतिभा, क्षमता और सामर्थ्य के अनुरूप चुनना चाहिए। युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर ऊंचा लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर प्रयास करते रहने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि सही दिशा में निरंतर कर्म किया जाए तो सफलता निश्चित है। विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री (प्रमुख) पवन पारीक ने डॉ. सुरोलिया का परिचय देते हुए उनके प्रशासनिक जीवन, उपलब्धियों और जनसेवा की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. सुरोलिया मूलतः राजस्थान के मुकुंदगढ़ के निवासी हैं।
विप्र फाउंडेशन के रीजनल अध्यक्ष सतीश शर्मा ने श्री परशुराम ज्ञानपीठ की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों, बालिकाओं को उपलब्ध सुविधाओं तथा संस्थान के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा, नरेंद्र हर्ष, विप्र चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बासोतिया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष महेश शर्मा, जोन-1 अध्यक्ष राकेश कर्नल, जयपुर चैप्टर अध्यक्ष नवीन शर्मा, जयपुर जिला अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, उप कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
