Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली में ऑटो लूट का खुलासा, चालक के सिर पर लोहे का बाट मारकर ऑटो लूटने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 31/08/2026 11:33:24 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 31/08/2026 11:33:24 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: भोजीपुरा पुलिस ने ऑटो चालक से लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: भोजीपुरा पुलिस ने ऑटो चालक से लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले सवारी बनकर ऑटो बुक किया और रास्ते में सुनसान जगह तलाशने के बाद चालक के सिर पर करीब दो किलो के लोहे के बाट से हमला किया। इसके बाद गले में गमछा कसकर चालक को सड़क पर गिरा दिया और ऑटो लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटा गया ऑटो बरामद करने के साथ आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में तीसरा आरोपी शिवम फरार है। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने रविवार को प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार वारदात 27 अगस्त की रात की है। सुभाषनगर के सनिया धन सिंह निवासी सग्गन ऑटो चलाते हैं। पुलिस जांच के मुताबिक सेमीखेड़ा निवासी विशाल उर्फ छोटू, उसका भाई भारत रत्न और उनका साथी शिवम बाइक से बरेली आए थे। यहां तीनों ने ऑटो लूटने की योजना बनाई।

500 रुपये में बुक किया ऑटो, पीछे बाइक से चलता रहा साथी

पुलिस के मुताबिक तीनों ने सिटी स्टेशन पर सग्गन का ऑटो जादौपुर जाने के लिए 500 रुपये में बुक किया। शिवम और भारत रत्न ऑटो में सवारी बनकर बैठ गए, जबकि विशाल बाइक से ऑटो के पीछे चलने लगा। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ऑटो में बैठे दोनों आरोपी रास्ते भर ऐसी जगह तलाशते रहे, जहां चालक पर हमला करने के बाद आसानी से फरार हुआ जा सके। जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को वसुंधरा ढाल से शेरगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते पर चलने के लिए तैयार किया। पुलिस के अनुसार रात और सुनसान रास्ता देखकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही शिवम ने थैले में रखा करीब दो किलो का लोहे का बाट निकालकर चालक के सिर पर पीछे से वार किया। इसी दौरान भारत रत्न ने सग्गन के गले में गमछा डालकर पीछे की ओर खींच दिया। हमले के बाद चालक घायल होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए, जबकि विशाल बाइक से उनके पीछे चलता रहा।

दुकानों में छिपाया लूटा गया ऑटो

पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर सेमीखेड़ा पहुंचे और उसे अपनी दुकानों के अंदर छिपा दिया। उनकी योजना कुछ दिन मामला शांत होने का इंतजार करने के बाद ऑटो को ठिकाने लगाने की थी। उधर, चालक की शिकायत पर भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए ऑटो को ठिकाने लगाने की तैयारी में हैं। पुलिस के अनुसार तीनों सेमीखेड़ा से बरौर जाने वाले रास्ते पर एक पेट्रोल पंप के पास इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 2:12 बजे विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की भनक लगते ही तीसरा आरोपी शिवम मौके से फरार हो गया।

ऑटो के साथ तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चालक का लूटा गया ऑटो UP 25 JT 0829 बरामद किया। तलाशी के दौरान 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया। लूट के मुकदमे में बरामदगी के आधार पर बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बेरोजगार हैं और मौज-मस्ती व नशे के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से ऑटो लूटने की योजना बनाई थी। ऑटो को बेचने या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों भाइयों पर पहले भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न के खिलाफ देवरनियां थाने में वर्ष 2025 में मारपीट, धमकी समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। अब दोनों के खिलाफ भोजीपुरा थाने में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस टीम में भोजीपुरा प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, तनवेश कुमार, हेड कांस्टेबल इरशाद हुसैन तथा कांस्टेबल नवीन कुमार और नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस अब फरार आरोपी शिवम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related News

राजस्थान: परशुराम कुंड की प्रतिकृति पाकर भाव-विभोर हुए राजेंद्र दास महाराज, विप्र फाउंडेशन ने किया सम्मान 

राजस्थान: नंदा का खेड़ा में 11 वर्षीय छात्र-छात्राओं की खेल प्रतियोगिता संपन्न, कबड्डी में कायमपुरा और नंदा का खेड़ा विजेता

उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में पथरी के ऑपरेशन के बाद 26 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप

मध्य प्रदेश: पोरसा सब्जी मंडी में बारिश से दलदल, खरीदार परेशान; नगर पालिका सख्त कार्रवाई की तैयारी में

उत्तर प्रदेश: गोंडा में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

हरियाणा: हिसार पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, एसपी सिद्धान्त जैन ने दी सख्त चेतावनी


Featured News