-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: समय माता मंदिर के पक्का पोखरा का होगा सौंदर्यीकरण, डीएम ने किया निरीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर समय माता मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर समय माता मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने समय माता मंदिर स्थित पक्का पोखरा के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर से पक्का पोखरा तक आने-जाने वाले मार्ग को बेहतर बनाने के लिए सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश नगर पालिका खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए डीएम ने आसपास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और ठेलों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण कार्यों को बेहतर ढंग से कराने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विमल कुमार और नगर पालिका खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी अवधेश भारती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
