-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: त्योहारों पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर, मानक के विपरीत डीजे बजाने पर होगी एफआईआर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाने पर संचालक के साथ संबंधित दुर्गा पूजा आयोजन समिति के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ढीले तारों को समय से ठीक कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्गों की मरम्मत, समतलीकरण और सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन और छठ पूजा को देखते हुए घाटों पर गोताखोरों, नाव और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने पूजा-पंडालों में आग से बचाव के इंतजाम करने और प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थानों पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध पटाखों और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती तथा जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और ऐसी जानकारी मिलने पर उसे आगे फैलाने के बजाय पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। एसपी ने प्रत्येक पूजा-पंडाल में स्वयंसेवकों की तैनाती करने और विसर्जन के दौरान प्रतिमाओं को क्रमबद्ध तरीके से निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे का संचालन शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे संचालक और संबंधित आयोजन समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, एआरटीओ माला बाजपेई, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
