-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: श्री हरि मंदिर में हनुमान जी के भजनों पर झूमे भक्त, सामूहिक आरती के बाद हुआ भंडारा
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली में मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली में मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। 1 सितंबर को मंदिर में श्री हनुमान जी के पूजन, भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। सुबह के सत्र में मंदिर के पंडित रमेश चंद्र तिवारी और सुनील शास्त्री ने श्री हनुमान जी का विधिवत पूजन और श्रृंगार कराया। श्रद्धालु दूर-दूर से अपनी मनोकामना पूर्ति की कामना लेकर मंदिर पहुंचे और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। शाम के सत्र में श्री हरि संकीर्तन मंडल की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। रवि छाबड़ा ने 'दुःख भंजन मारुति नंदन', संजय आनंद ने 'मंगल मूर्ति राम दुलारे', पंकज ने 'आज मंगलवार है' और सचिन सेठी ने 'कीजे केसरी के लाल' सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। इसके बाद मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तजनों ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। सामूहिक पाठ के पश्चात श्री हनुमान जी की आरती की गई। शयन आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि श्री हरि मंदिर परिसर में पिछले कई वर्षों से सामूहिक श्री हनुमान चालीसा और आरती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी आयु वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बताया।कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, अतुल कपूर, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा, गिरीश आनंद सहित मंदिर के अन्य सदस्य मौजूद रहे। महिला मंडल की अध्यक्ष भी अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। वहीं, युवा मंडल के सदस्यों ने प्रसाद वितरण की सेवा संभाली। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने सभी भक्तजनों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद वितरित किया गया।
