-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, मिठाई-दूध समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए नमूने
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की चार टीमों ने 26 अगस्त को बरेली शहर के साथ-साथ विभिन्न तहसील क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जांच के दौरान रामपुर रोड स्थित दिल्ली स्वीट्स से बर्फी और काजू कतली के नमूने लिए गए। वहीं बड़ा बाजार की दीपक स्वीट्स से घेवर और सोनपापड़ी की जांच के लिए सैंपल जुटाए गए। डोहरा रोड स्थित इंडस अजंता से बेसन के लड्डू और घेवर के नमूने लिए गए। विभागीय टीमों ने अलग-अलग दुकानों और निर्माण स्थलों से कुल छह नमूने संग्रहित किए। इसके अलावा बहेड़ी तहसील क्षेत्र में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची गई। पड़ेरा गांव, थाना शेरगढ़ क्षेत्र और मऊई काजियान से बर्फी के नमूने लिए गए। रामगंगा चौकी के पास बिक्री के लिए ले जाए जा रहे पनीर की भी जांच की गई। इस दौरान वाहन संख्या **UP-25 AT-9278** से पनीर का सैंपल लिया गया। खाद्य विभाग की टीमों ने मुड़िया अहमदनगर स्थित रेडिसन होटल से पनीर, फतेहगंज पूर्वी के सोहन लाल मिष्ठान भंडार से खोया और फरीदपुर बाजार क्षेत्र से दूध का नमूना भी लिया। विभाग के मुताबिक सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान का सिलसिला 27 अगस्त को भी जारी रहा। मौलागढ़ में खाद्य कारोबारी शेरखान के यहां से बर्फी और आसपुर गौटिया गांव में इदरीस के यहां से मिल्क केक का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की है।
