-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को दवा और ऑक्सीजन का स्टॉक रखने के निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में स्वाइन फ्लू और फ्लू से जुड़े मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में स्वाइन फ्लू और फ्लू से जुड़े मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में व्यवस्थाएं मजबूत करने के साथ निगरानी भी बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) और अस्पताल अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं और ऑक्सीजन का स्टॉक रखने के साथ डॉक्टरों की ड्यूटी के दौरान अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला अस्पतालों के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण के अनुसार सभी सीएमओ और अधीक्षकों को स्वाइन फ्लू से संबंधित गाइडलाइन भेज दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि फ्लू के मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी रहने तक अस्पतालों में डॉक्टर और जरूरी स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें। डॉक्टरों की मौजूदगी अनिवार्य विभाग ने निर्देश दिया है कि ड्यूटी के समय जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। बेहद जरूरी परिस्थितियों को छोड़कर चिकित्सकों और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को अवकाश लेने से बचने के लिए कहा गया है। यदि किसी चिकित्सक या कर्मचारी को अवकाश लेना जरूरी हो तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अपर निदेशक और महानिदेशालय तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों की निगरानी बढ़ाई गई स्वास्थ्य विभाग ने सभी अपर निदेशकों को लगातार जिलों का भ्रमण कर अस्पतालों की व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य मुख्यालय की टीम भी अलग-अलग जिलों में भेजी जाएगी। टीम अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं, ऑक्सीजन और उपचार व्यवस्था का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। लक्षण मिलने पर समय से एंटीवायरल दवा विभाग की ओर से इन्फ्लूएंजा-लाइक इलनेस (ILI) और सांस संबंधी संक्रमण वाले मरीजों की निगरानी पर भी जोर दिया गया है। ऐसे मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों में यदि फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय से एंटीवायरल दवाएं शुरू करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। फ्लू मरीजों के लिए अलग पंजीयन काउंटर स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की सुविधा के लिए सोमवार से सभी अस्पतालों में बुखार और फ्लू से संबंधित मरीजों के लिए अलग पंजीयन काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जांच के लिए भी अलग व्यवस्था बनाई जाएगी। इसका उद्देश्य सामान्य मरीजों और फ्लू के लक्षण वाले मरीजों की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना तथा अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ और परेशानी को कम करना है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया है कि मरीजों को समय पर उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। दवा, ऑक्सीजन और जांच की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
