Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा महंगा, महुली पुलिस ने पिकअप वाहन और डीजे सेट किया सीज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 04/08/2026 12:05:02 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 04/08/2026 12:05:02 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में श्रावण मास और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में श्रावण मास और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत थाना महुली पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजा रहे एक पिकअप वाहन को डीजे सेट सहित सीज कर कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थाना महुली के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था ड्यूटी पर मौजूद थे। पुलिस टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही थी। 

इसी दौरान पुलिसकर्मियों को मोलनापुर की ओर से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन चालक से वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, लेकिन चालक कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। इसके बाद पिकअप वाहन और उस पर लगे डीजे सेट को सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्वों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

महुली पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Featured News