-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली के कुरतरा निवासी युवक की दिल्ली में संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी 40 वर्षीय युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी 40 वर्षीय युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को शव गांव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी समेत परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ठेकेदार और अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक कुरतरा गांव निवासी धर्मवीर उर्फ कल्लू गंगवार (40) दिल्ली में एक स्थानीय ठेकेदार के पास राजमिस्त्री का काम करते थे। परिजनों के अनुसार सोमवार को कांवड़ चढ़ाने के बाद वह मंगलवार को मजदूरी के लिए ठेकेदार की साइट पर दिल्ली चले गए थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को धर्मवीर निर्माणाधीन भवन की छत पर अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। शुक्रवार सुबह उनका शव पड़ोस की छत पर मुंह के बल पड़ा मिला। अन्य मजदूरों ने घटना की जानकारी ठेकेदार को दी। ठेकेदार की सूचना पर दिल्ली के मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार में मातम का माहौल रहा। मृतक के भाई तुलसी गंगवार ने ठेकेदार समेत कुछ अज्ञात लोगों पर धर्मवीर की हत्या कर शव को छत पर फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि, फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों के गांव पहुंचने के बाद ठेकेदार और परिवार के बीच घटना को लेकर काफी गर्मागर्मी होने की भी बात सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने परिजनों से कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के भाई तुलसी गंगवार के अनुसार वह दसवां संस्कार पूरा होने के बाद दिल्ली जाकर ठेकेदार और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर देंगे।वहीं, स्थानीय स्तर पर ठेकेदार और मृतक के परिजनों के बीच कथित समझौते की भी चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
