Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बस्ती में चीनी की नहीं है कोई कमी, 4 लाख कुंतल से ज्यादा स्टॉक मौजूद

​​​​​​

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश   Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश   Edited By: Kunal Tewatia, Date: 25/08/2026 05:06:32 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 25/08/2026 05:06:32 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद बस्ती में चीनी की किसी प्रकार की किल्लत नहीं है। जिले की तीनों चीनी मिलों के साथ थोक और खुदरा व्यापारियों के पास मिलाकर चार लाख कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक उपलब्ध है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद बस्ती में चीनी की किसी प्रकार की किल्लत नहीं है। जिले की तीनों चीनी मिलों के साथ थोक और खुदरा व्यापारियों के पास मिलाकर चार लाख कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि आमजन को घबराने की जरूरत नहीं है और चीनी की कमी का भय दिखाकर अधिक कीमत वसूलने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित चीनी मिलों, थोक व्यापारियों और खुदरा व्यापारियों के स्टॉक का रैंडम जांच और सत्यापन आपूर्ति शाखा एवं विपणन शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा कराया गया। जांच में रुधौली स्थित चीनी मिल में 31,513 कुंतल, बभनान स्थित चीनी मिल में 2,62,977 कुंतल तथा मुंडेरवा स्थित चीनी मिल में 1,39,697 कुंतल चीनी का स्टॉक पाया गया। वहीं, थोक व्यापारियों के पास 8,120 कुंतल और खुदरा व्यापारियों के पास 7,970 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली। इस प्रकार 23 अगस्त 2026 तक जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान चीनी का थोक मूल्य 5,780 रुपये से 6,300 रुपये प्रति कुंतल, जबकि खुदरा मूल्य 59 रुपये से 65 रुपये प्रति किलो के बीच पाया गया। गुणवत्ता के आधार पर चीनी के दामों में अंतर है। स्थलीय सत्यापन और निरीक्षण के दौरान कहीं भी चीनी का अवैध अथवा निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण नहीं पाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने बताया कि चीनी की उपलब्धता और वितरण को लेकर 24 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मंडी समिति और जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम को चीनी की आमद और बिक्री पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 25 अगस्त को जिला पूर्ति कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मंडी समिति, तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधि तथा जनपद के थोक व्यापारियों और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 

बैठक में निर्देश दिया गया कि चीनी मिलों और थोक व्यापारियों द्वारा चीनी के स्टॉक की मात्रा नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट की जाएगी। साथ ही अवैध या ओवर लिमिट भंडारण नहीं किया जाएगा और बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर चीनी की बिक्री नहीं की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति चीनी की कमी की अफवाह न फैलाए। व्यापारी भी कमी का भय दिखाकर उपभोक्ताओं से मनमाना मूल्य न वसूलें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में चीनी के मूल्य में कमी आने की भी संभावना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध भंडारण करने, गलत सूचना देने या चीनी की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वाले दोषियों के खिलाफ विधिक और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।