-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र: शारदीय नवरात्र से पहले बाजारों में लौटी रौनक, देवी मंदिरों में तैयारियां तेज
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: पितृपक्ष की शांति के बाद अब सोनभद्र जनपद मुख्यालय सहित गांव से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में माता के जयकारे गूंजने को तैयार हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक लौट आई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: पितृपक्ष की शांति के बाद अब सोनभद्र जनपद मुख्यालय सहित गांव से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में माता के जयकारे गूंजने को तैयार हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक लौट आई है। मां के स्वागत के लिए बाजार रंग- बिरंगी गोटे वाली लाल चुनारियों से सज गए हैं। भक्ति के रंग में रंगे बाजारों में ग्राहक और व्यापारी दोनों उत्साहित नजर आ रहे हैं। रावर्टसगंज, घोरावल, चोपन, डाला, रेणुकूट, शक्तिनगर,अनपरा, बीजपुर,बभनी, दुद्धी,विंढमगंज क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख बाजारों में नवरात्र की तैयारियां तेज हैं। दुकानों पर माता की लाल रंग की गोटे वाली चुनरियां, पूजा सामग्री और श्रृंगार का सामान सजा हुआ है। लाल रंग के आकर्षण कपड़े और किनारों पर सुनहरी गोटे से सजी चुनरियां ग्राहकों का ध्यान खींच रही हैं। इनकी मांग इस बार काफी बढ़ी है। पितृपक्ष के दौरान खरीदारी धीमी रहने के बावजूद लोगों ने नवरात्र की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी थीं। कई ग्राहकों ने अपनी पसंद के सामान की अग्रिम बुकिंग करा दी,ताकि नवरात्र शुरू होने के बाद बढ़ने वाली भीड़ के बीच उनका मनपसंद सामान उपलब्ध रहे। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्हें सामान्य दिनों की तुलना में अधिक स्टॉक मंगाया है। दूसरी ओर जनपद मुख्यालय रावर्टसगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में हो रहे रामलीला मंचन के साथ ही शारदीय नवरात्र को लेकर प्रमुख मंदिरों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। रावर्टसगंज के मां शीतला सहित अन्य मंदिरों के अलावा डाला स्थित मां वैष्णो देवी शक्तिपीठ धाम, शक्तिनगर में ज्वालामुखी मंदिर, दुद्धी मे मां काली मंदिर सहित कई शक्तिपीठ मां के धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दर्शन, सुरक्षा, प्रसाद, भंडारे, और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नवरात्र के दौरान मंदिरों से लेकर रामलीला मैदानों तक धार्मिक आस्था का माहौल नजर आएगा। शारदीय नवरात्र की तैयारी को लेकर विभिन्न रंग रूपों मे मां दुर्गा की प्रतिमाओं को तैयार कर रहे कारीगरों का कहना है कि अबकी बार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विभिन्न अनोखे रंगों व मालाओं से सजाया गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार बनाई व सजाई जाती है। मूर्तिकार मां दुर्गा की दिन रात कड़ी मेहनत करके प्रतिमाओं की अंतिम रूप दे रहे हैं।
