-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर करते थे वसूली, मीटर से छेड़छाड़ के आरोप में तीन गिरफ्तार
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली के थाना आंवला पुलिस ने बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर लोगों से कथित रूप से धन उगाही करने, बिजली मीटरों से छेड़छाड़ और सरकारी विद्युत सामग्री के दुरुपयोग के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली के थाना आंवला पुलिस ने बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर लोगों से कथित रूप से धन उगाही करने, बिजली मीटरों से छेड़छाड़ और सरकारी विद्युत सामग्री के दुरुपयोग के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि एक नामजद आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने थाना आंवला में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताकर बिजली उपभोक्ताओं से रुपये वसूल रहे हैं। इसके अलावा मीटरों से छेड़छाड़ और सरकारी विद्युत सामग्री के कथित दुरुपयोग की शिकायत भी सामने आई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुन्ना उर्फ शाकिर निवासी मोहल्ला कोहाड़ पीर, थाना प्रेमनगर, मुकेश निवासी बीडीए कॉलोनी, थाना सुभाषनगर, अशोक कुमार सक्सेना निवासी पटेल बिहार कॉलोनी, थाना सुभाषनगर और समीर निवासी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी मामले में कार्रवाई करते हुए आंवला पुलिस ने मुन्ना उर्फ शाकिर, मुकेश और अशोक कुमार सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नामजद आरोपी समीर की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों का रूप धारण कर उपभोक्ताओं पर प्रभाव डालते थे और मीटरों से छेड़छाड़ समेत अन्य गतिविधियों के नाम पर रुपये की मांग करते थे। आरोपियों पर सरकारी विद्युत सामग्री के दुरुपयोग और विभाग की छवि खराब करने का भी आरोप है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा थाना आंवला में मुकदमा अपराध संख्या 455/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 308(5), 204 बीएनएस और विद्युत अधिनियम की धारा 135/136 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना उर्फ शाकिर (45 वर्ष), मुकेश (38 वर्ष) और अशोक कुमार सक्सेना (64 वर्ष) शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी समीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेगराम सिंह तथा आरक्षी 1139 गौतम कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि विद्युत विभाग के नाम पर फर्जी तरीके से वसूली करने और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
