-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद आज बस्ती पहुंचेंगे पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, स्वागत को लेकर तैयारियां पूरी
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी और बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार अपने गृह जनपद बस्ती पहुंचेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी और बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार अपने गृह जनपद बस्ती पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। घघौवा से लेकर बस्ती शहर तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा संगठन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हरीश द्विवेदी दोपहर करीब 12 बजे घघौवा स्थित होटल कनक से जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे। इसके बाद उनका काफिला विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, कप्तानगंज, गोटवा, फुटहिया, बड़ेवन, कंपनी बाग, गांधीनगर, रोडवेज और दक्षिण दरवाजा होते हुए बस्ती शहर पहुंचेगा। रास्ते में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। शहर पहुंचने के बाद होटल बालाजी प्रकाश में आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन हरीश द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 31 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था केवल भारी वाहनों के लिए लागू रहेगी। घघौवा परसरामपुर और अयोध्या की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवाबगंज, कटरा, गोंडा और डुमरियागंज की तरफ भेजा जाएगा। वहीं छावनी से बस्ती की ओर आने वाले भारी वाहनों को रामजानकी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भिउरा और दुबौलिया क्षेत्र में रामजानकी मार्ग से कप्तानगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी की तरफ भेजा जाएगा। कलवारी चौराहे से फुटहिया की ओर आने वाले भारी वाहनों को गायघाट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। मनौरी में डुमरियागंज और बांसी की ओर से बस्ती आने वाले भारी वाहनों को पॉलिटेक्निक की ओर भेजा जाएगा। वहीं पॉलिटेक्निक चौराहे पर संतकबीरनगर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गौरा तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा टेमा रहमत से संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सेमरियावां की तरफ भेजा जाएगा। महदेवा अथवा सोनूपार की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को महदेवा चौराहे से महुली रोड और मुंडेरवा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
