Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: काकोरी स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, शहीदों के परिजनों और मेधावी छात्रों का सम्मान

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Sunil Kapoor , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 31/08/2026 04:32:22 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Sunil Kapoor ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 31/08/2026 04:32:22 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को भव्य काकोरी स्टेशन महोत्सव’ का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को भव्य काकोरी स्टेशन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम और काकोरी ट्रेन एक्शन की गौरवशाली स्मृतियों को याद करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिरंगा फ्लैग मार्च ने पूरे कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इनमें पद्मश्री से सम्मानित कलीमुल्लाह, अमर शहीद अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अफाक उल्ला खां और महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री मीता बख्शी शामिल रहीं।

शहीदों के परिजनों ने साझा कीं ऐतिहासिक यादें

कार्यक्रम में काकोरी स्टेशन परिसर में स्थापित संग्रहालय का भी अतिथियों ने अवलोकन किया। संग्रहालय में काकोरी ट्रेन एक्शन और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों व स्मृतियों को प्रदर्शित किया गया है। अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अफाक उल्ला खां ने ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताया। वहीं मीता बख्शी ने अपने दादा सचिन्द्र नाथ बख्शी से जुड़े संस्मरण साझा किए। अपर मंडल रेल प्रबंधक परितोष गौतम ने कहा कि काकोरी की धरती साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के जरिए युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और क्रांतिकारियों के योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

तिरंगा फ्लैग मार्च ने बढ़ाया उत्साह

उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने अधिकारियों और अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद मंडल की सांस्कृतिक टीम ने ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। रेलवे सुरक्षा बल और उपस्थित लोगों ने तिरंगा फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान तिरंगे रंग के गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए। उत्तर माध्यमिक विद्यालय, अमेठिया सलेमपुर के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रा सुधी आराध्या बाजपेई ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और देशभक्तिमय बना दिया।

नौ छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

काकोरी स्टेशन स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के नौ विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इनमें कक्षा छह, सात और आठ के तीन-तीन विद्यार्थी शामिल रहे। इसके अलावा लंबे समय तक रेलवे में सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ए.के. सिंह, ओ.पी. मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, राजपाल सिंह और हैदर अली को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्टेशन स्थापना दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों की मौजूदगी में केक काटा गया। सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन शर्मा ने सभी अतिथियों, छात्रों, रेलकर्मियों और क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।