-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन पर करीब 89 लाख लोगों ने की मुफ्त बस यात्रा, योगी सरकार ने खर्च किए 106.98 करोड़ रुपये
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए शुरू की गई तीन दिवसीय निशुल्क बस यात्रा योजना को इस वर्ष जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए शुरू की गई तीन दिवसीय निशुल्क बस यात्रा योजना को इस वर्ष जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। 27 से 29 अगस्त 2026 के बीच प्रदेश में कुल 88,94,730 यात्रियों ने बिना किराया दिए बसों में सफर किया। इस योजना पर राज्य सरकार ने 106.98 करोड़ रुपये का खर्च वहन किया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक निशुल्क यात्रा करने वालों में 55.17 लाख महिलाएं और 33.76 लाख सहयात्री शामिल रहे। इस वर्ष निशुल्क यात्रा का आंकड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अधिक रहा। वर्ष 2025 में रक्षाबंधन के तीन दिनों के दौरान कुल 78.26 लाख यात्रियों ने मुफ्त बस यात्रा की थी। इस तरह इस बार करीब 10.68 लाख अधिक यात्रियों ने योजना का लाभ उठाया। पिछले साल से करीब 20 करोड़ रुपये अधिक खर्च सरकार ने इस वर्ष यात्रियों को मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए। वर्ष 2025 में निशुल्क यात्रा पर 86.98 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए थे, जबकि इस वर्ष यह राशि बढ़कर 106.98 करोड़ रुपये हो गई। परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और उनके सहयात्रियों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि योजना को सफलतापूर्वक संचालित करने में परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, चालक और परिचालकों ने प्रतिबद्धता के साथ काम किया। 28 अगस्त को सबसे ज्यादा यात्रियों ने किया सफर आंकड़ों के अनुसार रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को सबसे अधिक यात्रियों ने निशुल्क बस सेवा का लाभ उठाया। इस दिन कुल 49.96 लाख यात्रियों ने सफर किया, जिनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल थे। वहीं 27 अगस्त को 9.26 लाख और 29 अगस्त को 29.71 लाख यात्रियों ने मुफ्त यात्रा की। इन दोनों दिनों में महिलाओं की संख्या क्रमशः 6.03 लाख और 16.66 लाख रही। 2017 से लगातार बढ़ा लाभार्थियों का आंकड़ा योगी सरकार बनने के बाद वर्ष 2017 में रक्षाबंधन पर 11.16 लाख महिला यात्रियों ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ लिया था। 2018 में यह आंकड़ा 11.69 लाख, 2019 में 12.04 लाख और 2020 में 7.36 लाख रहा। 2021 में 9.63 लाख, 2022 में 22.32 लाख, 2023 में 29.29 लाख और 2024 में 19.78 लाख महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की। वर्ष 2025 से महिलाओं के साथ उनके सहयात्रियों को भी इस सुविधा में शामिल किया गया। इस वर्ष योजना का दायरा बढ़ने के साथ निशुल्क यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है।
