-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: दृढ़ संकल्प और मेहनत से मिलती है सफलता, बुंदेलखंड गौरव समारोह में मेधावी छात्रों का सम्मान
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: दतिया के रतन विहार वाटिका में बुंदेलखंड गौरव सम्मान समारोह एवं छात्र संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: दतिया के रतन विहार वाटिका में बुंदेलखंड गौरव सम्मान समारोह एवं छात्र संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी अभय गुप्ता की ओर से किया गया। समारोह में दतिया कलेक्टर एवं मुख्य अतिथि स्वप्निल वानखेड़े IAS, SDOP आकांक्षा जैन, समाजसेवी अमित अग्रवाल, शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य निलय गोस्वामी, प्रसिद्ध कवि प्रमोद सेठ भारती करैरा और पीके यूनिवर्सिटी के प्राचार्य विवेक गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ की। इसके बाद आयोजक समिति की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान दतिया और बुंदेलखंड की करीब 200 प्रतिभाओं एवं मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दतिया के क्रिएटरों और यूट्यूबर्स को भी उनके योगदान के लिए सम्मान मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने विद्यार्थियों से कहा कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत ही कामयाबी का असली मंत्र है। उन्होंने युवाओं से नकारात्मक बातों और गतिविधियों से दूर रहने तथा अपने भविष्य के प्रति सतर्क रहकर नियमित अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। प्रसिद्ध कवि प्रमोद भारती ने अपनी कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में जोश और उत्साह बढ़ाया। इसके बाद खुले मंच पर विद्यार्थियों ने कलेक्टर से करियर और भविष्य से जुड़े सवाल पूछे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें सहज मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन नीरज जैन ने किया, जबकि डॉ. प्रियंका गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्यादीन रजक, प्रिया कटारे जैन, अमन नगरिया, पीयूष गुप्ता, रामू रावत समेत आयोजन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
