-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: फरीदपुर में नाबालिग चला रहे ई-रिक्शा, बढ़ती संख्या से जाम और हादसों का खतरा
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: फरीदपुर नगर में ई-रिक्शों की लगातार बढ़ती संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: फरीदपुर नगर में ई-रिक्शों की लगातार बढ़ती संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक दिनभर बड़ी संख्या में ई-रिक्शों की आवाजाही के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अव्यवस्था के बीच नाबालिग बच्चे भी ई-रिक्शा चलाते नजर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस और यातायात विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल और कॉलेज की छुट्टी के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। छुट्टी के बाद एक साथ बड़ी संख्या में ई-रिक्शा मुख्य मार्गों पर पहुंच जाते हैं, जिससे यातायात की गति धीमी पड़ जाती है। कई चालक सड़क और बाजार के किनारे वाहन बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देते हैं। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने से हादसे का खतरा ई-रिक्शों की बढ़ती संख्या के साथ नाबालिगों के वाहन चलाने का मामला भी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कम उम्र के बच्चों द्वारा संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले रास्तों पर ई-रिक्शा चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले भी लापरवाही के कारण हादसे सामने आ चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने पर रोक लगाने के साथ-साथ वाहनों की संख्या और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाया जाए। फतेहगंज पूर्वी में बिलपुर क्रॉसिंग पर लंबा जाम इधर, फतेहगंज पूर्वी में रविवार शाम करीब चार बजे बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय तक बंद रहने से सड़क पर भारी जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक एक के बाद एक कई ट्रेनों के गुजरने और स्लीपर से लदी मालगाड़ी को डाउन दिशा से अप दिशा में चेंजओवर किए जाने के कारण क्रॉसिंग को लंबे समय तक खोला नहीं जा सका। त्योहार के बाद घर लौटने वाले लोगों की भीड़ के चलते सड़क पर पहले से ही वाहनों का दबाव अधिक था। क्रॉसिंग बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते बाइक और कारों के साथ 112 पुलिस वाहन और एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। आपातकालीन वाहनों के जाम में फंसने से लोगों में नाराजगी दिखाई दी। जाम में फंसे लोग अपने वाहनों को निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने और आपातकालीन वाहनों को रास्ता दिलाने के लिए मौके पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरीदपुर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने और बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
